- शोभायात्रा के समापन पर भड़की चिंगारी ने लिया विकराल रूप, घर में घुसकर की गई फायरिंग।
- कई थानों की पुलिस तैनात, चप्पे-चप्पे पर 500 जवानों का कड़ा पहरा।
हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में रविवार रात संत रविदास जयंती समापन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने पथराव शुरू कर दिया और इसके साथ ही फायरिंग भी होने लगी। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शोभायात्रा समापन के बाद पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई। एक पक्ष ने युवक को फोन कर गांव के बाहर खेत में बुलाया, जहां उसकी मारपीट की गई। युवक किसी तरह बचकर घर लौटा, लेकिन घर पहुंचते ही हमलावरों ने वहां पहुंचकर गोलीबारी कर दी। इसमें 28 वर्षीय आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। गोली के छर्रे विशाल और योगेंद्र को भी लगे, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलों की हालत डॉक्टरों के निगरानी में है।
दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुरानी किसी बात को लेकर उनके बीच पहले से मतभेद चल रहे थे, जिसने रविवार की इस घटना को जन्म दिया। हिंसा के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं उठाने दिया, जिससे स्थिति और जटिल हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत भारी बल तैनात कर दिया। पीएसी की टीमें सहित कई थानों के जवान मौके पर पहुंचे। वर्तमान में गांव को पूरी तरह घेर लिया गया है और करीब 500 से अधिक पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। छोटा सा यह गांव फिलहाल छावनी में तब्दील हो चुका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
